समोसे खरीदने के लिए लोको पायलट ने रोक दी ट्रेन, लोग बोले- ये तो हर दिन का है नजारा; देखें VIDEO
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक लोको पायलट ने समोसे खरीदने के लिए ट्रेन को ही रोक दिया और ट्रैक पर खड़ी करके बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे दुकान पर चला गया. इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्री ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे. समोसे की दुकान के पास मौजूद लोग भी यह नजारा देखकर अचंभित रह गए. लोको पायलट आराम से समोसे खरीदकर ट्रेन में पहुंचा, फिर गंतव्य के लिए ट्रेन को रवाना किया. अब वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने भी संज्ञान लिया है.
जानकारी के अनुसार, महू और इंदौर के बीच राऊ (Rau) के रंगवासा रोड पर यह घटना अक्सर देखी जा रही हैं. ट्रेन का ड्राइवर ड्यूटी के दौरान चलती ट्रेन को पटरी पर ही रोक देता है. ट्रेन रुकते ही लोको पायलट नीचे उतरता है और पास की दुकान से गरमा-गरम समोसे खरीदकर वापस ट्रेन में सवार होता है.
लोगों का कहना है कि लोको पायलट की इन हरकतों से ट्रेन लगभग 10 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रहती है और यात्री सिर्फ यह सोचते रहते हैं कि लोको पायलट कब समोसे खरीदे और फिर ट्रेन वहां से रवाना हो. दुकान के आसपास के लोगों का कहना है कि डेमू ट्रेन के लोको पायलट का यह काम रोजाना का हो गया है.
गजब है! समोसे खरीदने के लिए लोको पायलट ने रोक दी ट्रेन, लोग बोले- ये तो हर दिन का है नजारा; देखें VIDEO. ड्राइवर के इस ‘समोसा ब्रेक’ के इंदौर में ट्रेन को हर दिन करीब 10 मिनट का अतिरिक्त समय लगता है. लोगों का कहना है कि लोको पायलटों का यह हर दिन का हो गया है. 😂 #SamosaBreak pic.twitter.com/kPEY1EBsbN
— Navin Pandey (@navinnirmal) July 8, 2026
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो हमारे पास पहुंची है. हालांकि, वह इस वीडियो की कोई पुष्टि नहीं कर सकते हैं, लेकिन प्राथमिक तौर पर यह समझ में आया है कि वीडियो हमारे डिवीजन का दिख रहा है. इसके चलते संबंधित विभाग को वीडियो भेज दिया है और उन्हें वीडियो की जांच करने के आदेश दिए है. अगर इसमें कोई गलत पाया जाता है तो निर्धारित पेनल्टी लगाई जाएगी.
उन्होंने बताया कि वह पता करेंगे कि ट्रेन वहां पर क्यों रुकी थी, सिग्नल था या यूं ही रोका गया है. इन सब तथ्यों पर जानकारी जुटाना के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
