दुनिया का सबसे खूबसूरत कॉलेज, क्लासरूम लगता है परियों का देश
दुनिया भर में कई विश्वविद्यालय हैं जो अपनी पढ़ाई के स्तर के लिए प्रसिद्ध हैं, लेकिन पोलैंड का व्रोकलॉ विश्वविद्यालय (Wrocław University) अपनी भव्य और मनमोहक वास्तुकला के कारण अलग ही जगह रखता है. इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत कॉलेजों में शुमार किया जाता है. यहां के क्लासरूम, हॉल और इमारतें देखकर ऐसा लगता है मानो कोई परी कथा जीवंत हो गई हो. कॉलेज के छात्र यहां क्लास बंक करने की बजाय रोज आने के लिए उत्साहित रहते हैं. व्रोकलॉ विश्वविद्यालय पोलैंड के व्रोकलॉ शहर में स्थित है. इसकी स्थापना 1702 में हुई थी और यह पोलैंड के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है. लेकिन इसकी प्रसिद्धि सिर्फ उम्र या पढ़ाई के कारण नहीं है. इसकी इमारतें गोथिक, बारोक और रेनेसां शैली का अद्भुत मिश्रण हैं.
लाल ईंटों की भव्य इमारतें, ऊंची-ऊंची छतें, रंगीन ग्लास वाली खिड़कियां, नक्काशीदार स्तंभ और विशाल लाइब्रेरी देखकर कोई भी मंत्रमुग्ध हो जाता है. छात्र बताते हैं कि इतनी सुंदर जगह पर पढ़ाई करना खुद में एक अनोखा अनुभव है. क्लासरूम इतने आकर्षक हैं कि पढ़ते-पढ़ते ध्यान भटक जाता है. यूनिवर्सिटी का मुख्य बिल्डिंग, ऑडिटोरियम और आंतरिक हॉल इतने शानदार हैं कि पर्यटक भी इन्हें देखने के लिए खासतौर पर आते हैं. कई लोग इसे “परियों का महल” कहकर पुकारते हैं.
पोलैंड में शिक्षा की गुणवत्ता भी बेहद अच्छी मानी जाती है. व्रोकलॉ यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग, साइंस, ह्यूमैनिटीज़, लॉ और मेडिसिन जैसे कई कोर्स पढ़ाए जाते हैं. यहां कम फीस, अच्छी फैसिलिटी और विश्व स्तरीय शिक्षा मिलती है. यही कारण है कि दुनिया भर के छात्र यहां पढ़ने आते हैं. भारतीय छात्रों के लिए भी यह यूनिवर्सिटी आकर्षक विकल्प है. कई भारतीय यहां उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं. वे बताते हैं कि कैंपस की सुंदरता मन को शांत रखती है और पढ़ाई में मदद करती है. भारत के जर्जर कॉलेज भवनों की तुलना में यहां का माहौल बिल्कुल अलग है. यूनिवर्सिटी के आसपास का इलाका भी बेहद खूबसूरत है. व्रोकलॉ शहर को पोलैंड का वेनिस भी कहा जाता है क्योंकि यहां नदियां और पुरानी इमारतें बहुतायत में हैं. छात्र पढ़ाई के साथ-साथ शहर घूमने का भी मजा लेते हैं.
