बिजली विभाग की गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही, बलौदा बाजार के खोरसी नाले की घटना
बलौदा बाजार: लगातार हो रही बारिश से जिले के सभी नदी नाले उफान पर हैं. मंगलवार को उफनते खोरसी नाले में बिजली विभाग की गाड़ी बह गई. जिस वक्त गाड़ी नाले में बही उस वक्त गाड़ी में चार कर्मचारी मौजूद रहे. लोगों ने बताया कि देर रात बिजली सुधारने का काम करने के लिए टीम निकली थी. तभी उनकी गाड़ी खोरसी नाले के तेज बहाव में फंस गई. जबतक गाड़ी में बैठे बिजली विभाग के कर्मचारी कुछ समझ पाते, तबतक गाड़ी तेज बहाव में पलट गई. तीन कर्मचारियों ने किसी तरह से तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि एक कर्मचारी लापता है. लापता कर्मचारी की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है.
जानकारी के अनुसार, देर रात गांव में बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर विद्युत मंडल बलौदा बाजार की टीम पिकअप वाहन से विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए रवाना हुई. बारिश के कारण खोरसी नाले में पानी का बहाव काफी तेज था. बताया जा रहा है कि पुल पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पूरी पिकअप देखते ही देखते पानी में बह गई.
हादसे के दौरान वाहन में कुल 4 लोग सवार थे, इनमें से तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 1 कर्मचारी तेज बहाव में लापता हो गया, उसकी तलाश लगातार जारी है, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन पुल से लगभग 800 मीटर दूर तक बह गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की टीम, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. संयुक्त टीम द्वारा लापता कर्मचारी और बही हुई पिकअप की तलाश की जा रही है. तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार खोज अभियान चला रही है.
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को नियंत्रित किया गया है. घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली. उन्होंने लापता कर्मचारी की शीघ्र तलाश और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है.
विद्युत मंडल बलौदा बाजार के अधिकारी ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर टीम मौके के लिए रवाना हुई थी. रास्ते में खोरसी नाले पर तेज बहाव के कारण यह हादसा हो गया. विभाग प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहा है. फिलहाल पूरे जिले की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है. लापता कर्मचारी की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने से बचें.
