ममता बनर्जी को झटका, ED ने कोलकाता में TMC के 440 करोड़ रुपये के बैंक डिपॉजिट किए फ्रीज
कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोलकाता में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 440 करोड़ रुपये के बैंक डिपॉजिट को फ्रीज करने का आदेश जारी किया। यह आदेश बुधवार को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दिया गया। यह कार्रवाई टीएमसी के बैंक अकाउंट्स से जुड़े फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है। एजेंसी का आरोप है कि एविएशन, ट्रैवल और उससे जुड़ी सर्विस कंपनियों के नेटवर्क के जरिए 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम का लेन-देन किया गया। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या पार्टी के 2024 लोकसभा कैंपेन के दौरान चार्टर्ड फ्लाइट्स के लिए इस्तेमाल किए गए फंड को कई कंपनियों के जरिए घुमाया गया था ताकि उनके सोर्स को छिपाया जा सके।
दरअसल यह जांच जून में दर्ज एक शिकायत के बाद शुरू हुई। इसमें आरोप लगाया गया था कि एक बड़े साइबर फ्रॉड से मिली रकम को कुछ टीएमसी बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर किया गया था। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और पीएमएलए के तहत ईडी के जांच में शामिल होने से पहले पार्टी के तीन अकाउंट्स से डेबिट ट्रांजेक्शन को फ्रीज कर दिया। जांचकर्ता कम से कम 18 टीएमसी बैंक अकाउंट्स की जांच कर रहे हैं। साथ ही केयरवेल ट्रैवल्स, विंडबोर्न एविएशन और अनीता टूर्स जैसी फर्मों से जुड़े ट्रांज़ैक्शन की भी पड़ताल कर रहे हैं।
जांच के हिस्से के तौर पर ईडी ने मंगलवार को कोलकाता में 5 जगहों पर तलाशी ली। इनमें केयरवेल ट्रैवल्स, एक इलेक्टोरल ट्रस्ट और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के ऑफिस शामिल हैं, और वहां से डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए। एजेंसी 2023 और 2026 के बीच केयरवेल एविएशन द्वारा एयरक्राफ्ट खरीदने के मामले की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन खरीद का संबंध संदिग्ध फाइनेंशियल ट्रांज़ैक्शन से था।
