नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, VIDEO, बच्चों की चप्पलों पर सिर रखकर सोया, गाली-गलौज की

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है. एक प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस मामले को लेकर अभिभावकों के बीच में गुस्सा देखा जा रहा है और स्कूल में भी हड़कंप मचा हुआ है.
वीडियो में रामानुजनगर विकासखंड के शाल्ही गांव स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर हरिनंदन सिंह कथित रूप से नशे की हालत में जमीन पर पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में वह अभद्र भाषा और गाली-गलौज कर रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और शिक्षक के आचरण पर सवाल उठ रहे हैं. यह न केवल शिक्षक की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि बच्चों और समाज के सामने गलत संदेश भी देता है. अभिभावकों ने ऐसे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

गांव के लोगों और बच्चों के माता-पिता ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अगर शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. अब सभी लोग शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. इसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.

लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है, यदि वही इस तरह का आचरण करेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है. नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में इस तरह की घटना सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे सरकारी स्कूलों की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ता है. लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए.