तूफ़ान बावी का ताइवान और जापान पर प्रभाव, 15 से ज़्यादा मौतें, उड़ानें रद्द
पिछले कई दशकों के सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक बावी की वजह से फिलीपींस में भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है। इसी बीच पूर्वी एशिया के कई हिस्से इस तूफान के अगले असर के लिए तैयारियां कर रहे हैं। करीब 1,000 किलोमीटर चौड़ा टाइफून बावी, जो अपने सबसे चौड़े हिस्से में लगभग फ़्रांस जितना फैला हुआ है, प्रशांत महासागर के ऊपर से बढ़ते हुए ताइवान की ओर बढ़ रहा है। ताइवान की सरकार ने मुख्य रूप से पहाड़ी इलाक़ों से 14 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बावी उत्तर की तरफ बढ़ रहा है और इसी को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। जापान ी अधिकारियों ने लोगों को बाढ़ और भूस्खलन को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी थी। शनिवार को बावी ने जापान के दक्षिणी साकिशिमा द्वीप समूह में भारी बारिश और तेज़ हवाओं के साथ दस्तक दी। इसके बाद यह ताइवान की तरफ बढ़ गया। जापान में स्थानीय बंदरगाह पर खड़ी नौकाएं तेज़ धाराओं और ऊंची लहरों के कारण हिलती रहीं। तूफान के केंद्र के पास अधिकतम लगातार हवा की रफ़्तार 144 किलोमीटर प्रति घंटा रही। झोंकों की रफ़्तार 198 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई।
इशिगाकी, जो जापान का एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, वहां शनिवार पूरे दिन सभी उड़ानें और फेरी सेवाएं बंद रहीं। हालांकि, धीरे-धीरे कमजोर हो रहा बावी ताइवान में तेज़ दस्तक नहीं देगा, लेकिन कुछ इलाक़ों में क़रीब एक मीटर बारिश के अनुमान को देखते हुए सरकार ने सभी जरूरी तैयारियां की हैं। ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, हालांकि तूफ़ान कुछ कमज़ोर हुआ है और ये मध्यम श्रेणी के तूफ़ान में बदल गया है, लेकिन इसका दायरा अभी भी बहुत बड़ा है और यह कई इलाक़ों में तेज़ हवाएं और भारी बारिश ला सकता है। ताइवान में जिन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, उनमें ज़्यादातर उत्तरी और पूर्वी इलाक़ों के निवासी हैं। ख़राब मौसम के कारण 917 अंतरराष्ट्रीय और सभी 274 घरेलू उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। जापान के मौसम विभाग ने बताया कि बावी शनिवार तड़के जापान के साकिशिमा द्वीपों के बेहद क़रीब से गुज़र सकता है। इसे पिछले कई वर्षों के सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक माना जा रहा है। नासा के मुताबिक़, 5 जुलाई को इसकी अधिकतम रफ़्तार 290 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी। चीन के मौसम केंद्र के हवाले से अब इसकी रफ़्तार घटकर क़रीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई है।
6 जुलाई को पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर घूमते हुए सुपर टाइफून बावी का सैटेलाइट तस्वीर इस महीने की शुरुआत में यह शक्तिशाली तूफान उत्तरी प्रशांत महासागर में स्थित अमेरिका के मारियाना द्वीपों और गुआम से होकर गुज़रा था। 5 जुलाई की रात जब सुपर टाइफ़ून बावी इन द्वीपों के करीब पहुंचा, तब अपने चरम पर था। उस दौरान 290 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, मूसलाधार बारिश हुई और समुद्र में ऊंची लहरें उठीं। समय के साथ इसकी रफ्तार कम हुई है। चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने बताया कि बावी की मौजूदा रफ्तार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह अपने सबसे चौड़े हिस्से में लगभग एक हज़ार किलोमीटर तक फैला हुआ है। नासा के मुताबिक़, उसकी ली गई तस्वीरों में तूफान का केंद्र गुआम के उत्तर में स्थित रोटा द्वीप के ऊपर से गुज़रता दिखाई दिया। सैटेलाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, उस समय इस क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस था। पिछले कुछ सालों की बात करें तो ये तूफ़ान सबसे विनाशकारी साबित हो सकता है। इस तूफान की वजह से प्रशांत महासागर में स्थित गुआम, रोटा और साइपन द्वीपों में बहुत ज़्यादा नुक़सान हुआ है। उत्तरी मारियाना में बावी ने काफ़ी नुक़सान पहुंचाया। इसके अलावा कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। समुद्र की स्थिति में सुधार आने के बाद अमेरिकी कोस्ट गार्ड की टीमों ने गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों के आसपास समुद्री रास्तों से बाधाएं हटाने का काम शुरू किया। जापान एयरलाइंस ने शुक्रवार और शनिवार के लिए 100 से ज़्यादा फ़्लाइट्स रद्द कर दी, जिससे क़रीब 20 हजार यात्रियों पर असर पड़ा है। ताइवान की एयरलाइंस ने ताइपे के पास स्थित ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार की सभी फ़्लाइट्स रद्द कर दी हैं।
