कांकेर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया, शव और हथियार बरामद, मुठभेड़ जारी

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच सुबह से मुठभेड़ चल रही है जिसमें 2 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। एक महिला नक्सली का शव और हथियार बरामद किया गया है। मारी गई महिला नक्सली की अभी पहचान नहीं हो पाई है। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमाटोला और कलपर गांव के मध्य जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया है।
बताया कि छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत कोटरी नदी के किनारे आमाटोला और कलपर गांव के मध्य जंगल में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब सुरक्षाबल के जवान आमाटोला-कलपर गांव के मध्य जंगल में थे तब उनके और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया है। घटनास्थल से उसका शव और हथियार बरामद किये गये हैं। अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में दोनों ओर से गोलीबारी जारी है तथा सुरक्षाबल के जवान तलाशी अभियान चला रहे हैं।