MP में क्रूड ऑयल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान धमाका, चरवाहे की मौत
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव में शनिवार शाम क्रूड ऑयल के एक टैंकर में वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण धमाके में एक चरवाहे की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास स्थित एक निजी स्कूल और एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए। हालांकि इन भवनों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि मगरखेड़ी स्थित एक वेल्डिंग (फेब्रिकेशन) दुकान पर क्रूड ऑयल टैंकर के पिछले हिस्से की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि टैंकर खाली होने के बावजूद उसके भीतर क्रूड ऑयल का कुछ अवशेष बचा हुआ था। गैस वेल्डिंग के दौरान उससे ज्वलनशील गैस बनी, जिससे यह धमाका हुआ।
विस्फोट की चपेट में टैंकर चालक, वेल्डिंग मैकेनिक और पास में बकरियां चरा रहा एक चरवाहा आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त टैंकर को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर किया गया, जिससे कुछ समय बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
खलटाका पुलिस चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि घायलों को बड़वानी जिले के ठीकरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां 48 वर्षीय भीम रोकड़े, निवासी मगरखेड़ी, को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल टैंकर चालक विनोद, निवासी बस्ती उत्तर प्रदेश और वेल्डिंग मैकेनिक नितेश कुशवाह को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह टैंकर आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले के गडीमोगा से क्रूड ऑयल लेकर मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के मेघनगर पहुंचा था। तेल खाली करने के बाद लौटते समय टैंकर की मरम्मत के लिए उसे मगरखेड़ी स्थित वेल्डिंग दुकान पर लाया गया था, जहां यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्फोट के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वाले टैंकर की वेल्डिंग के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
