क्या कोहली और गंभीर के बीच बातचीत बंद है, दावा- ट्रेनिंग में दूर-दूर दिखे, कोटक ने मैसेज पास किए
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच अनबन की अटकलें हैं। इन अटकलों को टाइम्स नॉउ न्यूज की रिपोर्ट ने हवा दी है, जिसमें दावा किया गया है कि कोहली और गंभीर के बीच बातचीत नहीं हो रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे आज बर्मिंघम में है। रिपोर्ट के मुताबिक बर्मिंघम में सोमवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान कोहली और गंभीर ने एकदूसरे को नजरअंदाज किया। गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल समेत ज्यादातर खिलाड़ियों से बात की। लेकिन, कोहली की नेट प्रैक्टिस दूर से देखते रहे। उन्होंने नेट्स के बाद कोहली से बात करने के लिए बैटिंग कोच सुतांशु कोटक को भेजा।
कोहली ने पहले फील्डिंग ड्रिल्स कीं, उसके बाद सीधे नेट्स में जाकर 30-40 मिनट बल्लेबाजी की। फिर विराट नेट्स से बाहर निकल आए। नेट्स के बाद सितांशु कोटक उनसे जाकर मिले और लंबी बातचीत की। इतना ही नहीं, गंभीर जब टीम के अन्य खिलाड़ियों से बात कर रहे थे तो कोहली उन्हें इग्नोर करते हुए अपने किट बैग के साथ आगे निकल गए।
कोहली और गंभीर के बीच अनबन के दावे पहले भी होते रहे हैं। गंभीर टीम इंडिया का हेड कोच बनने से पहले कोहली के खिलाफ कई बार बयानबाजी कर चुके हैं। कोहली और गंभीर कई बार मैदान पर लड़ भी चुके हैं। ताजा मामला साल 2023 का है, इकाना स्टेडियम में बेंगलुरु-लखनऊ मैच के बाद दोनों में तीखी बहस हुई थी।
विराट कोहली करीब 5 महीने के बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने पिछला मुकाबला 18 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेला था। उसके बाद वे जून अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण हिस्सा नहीं रहे सके थे। उन्हें IPL 2026 के फाइनल में इंजरी हुई थी।
