नासिक में छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार पर हमला, 15 KM तक किया कार का पीछा, लोहे की रॉड से तोड़ा शीशा
नासिक के इगतपुरी कस्बे में भवली डैम और वॉटरफॉल घूमने गए एक परिवार की एक महिला सदस्य के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने न सिर्फ परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि लगभग 15 किलोमीटर तक उनका पीछा भी किया और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया.
भागवत परिवार इगतपुरी कस्बे में भवली डैम और वॉटरफॉल घूमने गया था. इस दौरान वहां मौजूद एक ग्रुप ने परिवार की महिला सदस्य पर सीटी बजाई और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. जब परिवार इसका विरोध किा तो वो लोग भड़क गए और आक्रामक हो गए.
उन्होंने परिवार की कार का पीछा किया और हमला कर दिया. उन्होंने लाठियों और लोहे की रॉड से परिवार के सदस्यों को पीटने की कोशिश की और उनकी गाड़ी में बुरी तरह तोड़-फोड़ की. भागवत परिवार ने बताया कि जैसे ही हमला शुरू हुआ, वे अपनी जान बचाने के लिए तेजी से वहां से निकल गए. हालांकि, आरोपियों ने परिवार की कार का लगभग 10 से 15 किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ते में कई जगहों पर उन पर हमला करने की कोशिश की. इस घटना से परिवार बुरी तरह डर गया था.
इस घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर नासिक में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल, नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं और मामले की जांच की जा रही है.
