नकटी से राजभवन तक कांग्रेस की 14KM पदयात्रा, बैज भी मौजूद, राज्यपाल से मिलेंगे
रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस की राजभवन तक पदयात्रा शुरू हो गई है। दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेसी 14 किलोमीटर पैदल चलकर राजभवन पहुंचेंगे। पदयात्रा में पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं। राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा और कार्रवाई के विरोध के साथ प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।
पदयात्रा को देखते हुए श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड 5 घंटे के लिए बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से मेन रोड का इस्तेमाल करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की है।
कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए हैं। पार्टी प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।
29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है। विधानसभा में भी पार्टी ने इस मामले को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। अब पदयात्रा के जरिए कांग्रेस सड़क से राजभवन तक विरोध दर्ज कराएगी।
