Live : ‘ये देश को ताकत देने वाली भूमि है’, बिहार के सीवान में बोले PM मोदी, नीतीश भी मंच पर मौजूद

चुनावी साल में पीएम मोदी एक बार फिर बिहार के दौरे पर हैं जहां उन्होंने राज्य को 10 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल, रेल और बिजली क्षेत्र सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और विकास कार्यों का उद्घाटन किया. सीवान पहुंचने पर पीएम मोदी का लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया. इस साल यह पीएम मोदी का पांचवां बिहार दौरा है जिसे भी चुनावी लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. सीवान को लालू परिवार का गढ़ माना जाता है. इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित भी किया. पीएम मोदी ने कहा, ‘सीवान संविधान को ताकत देने वाली धरती है. ये धरती स्वतंत्रता संग्राम की धरती है. बिहार में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है.’ सीवान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘जब 2005 में यहां एनडीए की सरकार बनी थी, तब से हमने बिहार के लिए बहुत कुछ किया है… लेकिन उससे पहले की सभी सरकारें, जो अब बेकार की टिप्पणियां करती रहती हैं, उन्होंने कभी कुछ नहीं किया.’

नाम लिए बगैर RJD पर निशाना साधते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा, ‘हमसे पहले जो लोग थे उनसे पूछना चाहिए कि पहले क्या हाल था? पहले लोग घर से बाहर नहीं निकल पाते थे. आज इतनी बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात को सुनने पहुंचे हैं. आज महिलाएं घर से निकल रही हैं. हमने महिलाओं के लिए बहुत काम किया है. हमने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया और राज्य में पुल-पुलिया का निर्माण कराया…’