एक ही दिन होगी पूरक परीक्षा : मुख्य विषय के लिए 3 घंटे, शेष के लिए मिलेंगे 2 घंटे
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है। इस बार सभी विषयों की परीक्षा एक ही दिन यानी 28 जुलाई मंगलवार को आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। हालांकि, सभी विषयों की परीक्षा अवधि एक जैसी नहीं होगी। कुछ विषयों की परीक्षा तीन घंटे की होगी, जबकि कुछ विषयों के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। तीन घंटे की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी।
इसमें अंग्रेजी, हिंदी, गणित, भौतिकी रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, अकाउंटेंसी, कंप्यूटर साइंस, फिजिकल एजूकेशन और साइकोलॉजी जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। इसके अलावा इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज, एंटरप्रेन्योरशिप, लीगल स्टडीज, होम साइंस, रिटेल, आईटी, वेब एप्लीकेशन, टूरिज्म, बैंकिंग, हेल्थ केयर और अन्य कई स्किल आधारित विषयों की परीक्षा भी इसी अवधि में होगी। कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। अर्थात इनके लिए सिर्फ 2 घंटे का ही समय मिलेगा। इनमें हिंदुस्तानी संगीत, पेंटिंग, कमर्शियल आर्ट, योग जैसे विषय शामिल हैं।
सीबीएसई 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के नतीजे जारी हो चुके हैं। नए नियम के तहत पहली बोर्ड परीक्षा देना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य था। इसके बाद छात्रों को अपने अंक सुधारने का एक अतिरिक्त मौका देने के लिए सेकेंड बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा पूरी तरह वैकल्पिक थी और केवल वही छात्र इसमें शामिल हुए, जो अपने किसी एक या अधिक विषय के अंक बेहतर करना चाहते थे। बोर्ड के नियम के अनुसार, यदि किसी छात्र ने दोनों परीक्षाएं दी हैं तो जिस परीक्षा में संबंधित विषय में अधिक अंक होंगे, वही अंतिम मार्कशीट में दर्ज किए जाएंगे। अर्थात छात्रों को कम अंक का नुकसान नहीं होगा।
फाइनल रिजल्ट सिर्फ थ्योरी के नंबरों पर नहीं बनता। इसमें स्कूल द्वारा दिए गए इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल परीक्षा के अंक भी जोड़े जाएंगे। यह नंबर स्कूल की तरफ से पहले ही बोर्ड को भेजे जा चुके होते हैं, जो दोनों परीक्षाओं के बाद भी नहीं बदलते। थ्योरी के बेस्ट स्कोर और इंटरनल असेसमेंट को मिलाकर ही छात्र का फाइनल 100 नंबर का रिजल्ट तैयार होगा। छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट डिजिलॉकर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। नियमित विद्यार्थियों को प्रिंटेड मार्कशीट उनके स्कूलों के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि निजी अभ्यर्थियों को यह उनके पंजीकृत पते पर भेजी जाएगी। दिल्ली क्षेत्र के कुछ निजी अभ्यर्थी अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र से भी मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे।
