रायपुर : धुएं से घिरा अंबेडकर चौक…पुलिस से झूमाझपटी के बीच PM का पुतला दहन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंबेडकर चौक पर मंगलवार को तेज बारिश के बीच सियासी बवाल देखने को मिला. दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश की. पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच लंबी झूमाझपटी हुई. आखिरकार पुतले में आग तो लगा दी गई, लेकिन उससे पहले और बाद तक सड़क पर धुआं, नारेबाजी और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पहुंचे. हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा की.

प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, पुलिस ने उसे रोकने और पुतला छीनने का प्रयास किया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झूमाझपटी होती रही. कार्यकर्ता पुतला लेकर इधर-उधर दौड़ते रहे, जबकि पुलिस लगातार उसे कब्जे में लेने की कोशिश करती रही.

काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ता पुतले में आग लगाने में सफल हुए, लेकिन पुतला पूरी तरह जल पाता उससे पहले फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझपटी शुरू हो गई. इस बीच अधजले पुतले से उठते धुएं ने पूरे अंबेडकर चौक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ देर तक सड़क पर धुआं ही धुआं दिखाई देता रहा.

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों की शांतिपूर्ण आवाज को बल प्रयोग से दबाने की कोशिश की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी होती रही.