LoC पर सीमा पार से फायरिंग, भारतीय जवानों ने पाकिस्तान को दिया करारा जवाब
लाइन ऑफ कंट्रोल पर पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर से गुस्ताखी की गई है. आतंकियों को भारतीय सीमा में धकेलने की नीयत के तहत पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर गोलीबारी की गई. सुरक्षाबलों ने करारा जवाब देते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. आतंकवादियों को भारतीय सीमा में भेजने के लिए पाकिस्तान की ओर से अक्सर ही फायरिंग की जाती है, ताकि भारत के सुरक्षाबल उससे निपटने में व्यस्त हो जाएं और उधर टेररिस्ट सीमा में दाखिल हो जाएं. आर्मी, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस इस तिकड़म को अच्छी तरह से समझती है और माकूल जवाब देती है.
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर लगभग दो घंटे तक भारी गोलीबारी हुई. हालांकि, भारतीय सैनिकों ने सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी गई. जब सीमा पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी, तो उन्होंने जवाबी कार्रवाई की. घुसपैठियों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए एक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जबकि इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद LoC पर सीजफायर उल्लंघन की यह पहली बड़ी घटना है. इससे पहले केवल छोटी-मोटी घटनाएं हुई थीं, जिनमें आठ से 10 राउंड गोलीबारी हुई थी. पिछले साल 7 से 10 मई के बीच चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ठीक बाद पाकिस्तान ने जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की. भारतीय सेना की मारक क्षमता का मुकाबला न कर पाने के कारण, पाकिस्तानी सैनिकों ने मई के दूसरे हफ्ते में लगभग 14 बार संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया और पुंछ व राजौरी सेक्टरों में आम नागरिकों वाले इलाकों को निशाना बनाया.
