मुंगेली में महामाया मंदिर चोरीकांड का पर्दाफाश, 1.75 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

मुंगेली। जिले में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले से ही अन्य प्रकरण में पोड़ी जेल में बंद हैं। पूछताछ में आरोपितों ने कबीरधाम जिले के सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अज्ञात आरोपितों की पहचान कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि सुरेश यादव ने 29 जून को थाना लालपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया था कि 28-29 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला और चैनल गेट तोड़कर गर्भगृह में घुस गए तथा देवी प्रतिमा पर चढ़े चांदी के मुकुट, चांदी की माला, सोने का मंगलसूत्र, करधन और अन्य धार्मिक आभूषण चोरी कर ले गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू की।