महामाया मंदिर से सोने-चांदी के गहने चोरी, कवर्धा में CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कबीरधाम: बेखौफ चोरों ने अब मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. मंगलवार की रात चोरों ने पांडातराई थाना इलाके के ग्राम मड़मड़ा में महामाया मंदिर से मां के जेवरात चोरी कर लिए. मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों में है. लोग इस बात से भी नाराज हैं कि पुलिस की नाक के नीचे से चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोग अब सवाल उठाने लगे हैं. भक्तों में इस बात का गुस्सा है कि पुलिस जब रात को भी गश्त करती है, तो चोर कैसे मंदिर से चोरी कर जेवरात ले जाने में सफल हुए.

मंदिर के पुजारी और भक्तों ने बताया कि जो जेवरात चोरी गए हैं, उनमें सोने और चांदी के झुमके, हार, पान का बना पत्ता, करधनी सहित कई कीमती आभूषण चोर चुरा ले गए. सुबह जब पुजारी ने मंदिर खोला तब चोरी की वारदात का खुलास हुआ. मंदिर के गर्भगृह से जेवरात गायब मिले. पुजारी ने इस बात की सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को चोरी की शिकायत लिखाई गई. चोरी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भक्त मौके पर पहुंच गए. लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भारी नाराजगी जताई.

लोगों की शिकायत है कि इलाके में शातिर चोर लंबे वक्त से एक्टिव हैं. चोर लगातार रिहायशी इलाकों और मंदिरों को निशाना बना रहे हैं. इन सबके बावजूद पुलिस उनको पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है. लोगों का कहना है कि मंदिर और उसके पास के इलाकों में सीसीटीवी लगाए जाने चाहिए, जिससे सुरक्षा घेरा और मजबूत किया जा सके. लोगों ने मंदिर के पास पुलिस की सुरक्षा भी बढ़ाए जाने की मांग की है.

पांडातराई थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. जिले में मंदिरों में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई धार्मिक स्थलों को चोरों ने निशाना बनाया है, जिसके चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी है.