सरकारी अस्पताल में ड्यूटी छोड़ शराब-चिकन पार्टी, VIDEO वायरल होते ही फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय सस्पेंड
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकारी कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के एक कमरे में ड्यूटी के दौरान फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अपने साथियों के साथ शराब और चिकन पार्टी करते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने तत्काल कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा अस्पताल के एक कमरे में अपने साथियों के साथ पार्टी कर रहे थे। वायरल वीडियो में टेबल पर शराब की बोतल, डिस्पोजल गिलास, चिकन और सिगरेट का डिब्बा साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने पहुंचे लोगों ने जब कर्मचारियों से सवाल किए तो सभी एक-एक कर कमरे से बाहर निकलते नजर आए।
सूरजपुर लटोरी अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल, ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में दारू-मुर्गा पार्टी चलती मिली#chhattisgarh #sadhnanews #news #newsupdate #cgnews #sadhnanewscgmp #chhattisgarhnews #viralnews pic.twitter.com/5XUFjceSo0
— Sadhna News 24×7 (@SadhnaNews24X7) July 22, 2026
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. कपिल देव पैकरा ने इसे सरकारी सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग ने साफ किया है कि मामले में आगे भी विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, वहां ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना और शर्मनाक है। लोगों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
