कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 आज से, 125 भारतीय खिलाड़ी 8 खेलों में उतरेंगे
स्कॉटलैंड के शहर ग्लासगो में आज 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत होगी। 2 अगस्त तक चलने वाले इस इवेंट में 74 देशों के 3,000 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 10 खेलों में 215 गोल्ड सहित कुल 1,168 मेडल दांव पर होंगे। भारत के 125 खिलाड़ी 8 खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, ओलिंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन ने 75 किलो वेट में भारत के लिए मेडल पक्का कर लिया है। उन्हें क्वार्टरफाइनल में बाई मिला है। अब वह सीधे सेमीफाइनल में 31 जुलाई टी.के.बी.पी. ताफाकी से भिड़ेंगी। बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दोनों हारने वाले मुक्केबाजों को ब्रॉन्ज मेडल दिया जाता है। इसका कारण यह है कि बॉक्सिंग में तीसरे स्थान (ब्रॉन्ज मेडल) के लिए अलग मुकाबला नहीं कराया जाता, इसलिए दोनों सेमीफाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल दिया जाता है।
भारत ने 1934 में कॉमनवेल्थ गेम्स में डेब्यू किया था।भारत ने 1930, 1950, 1962 और 1986 को छोड़कर बाकी सभी एडिशन में हिस्सा लिया है।
लंदन 1934 गेम्स में भारत की ओर से छह एथलीटों ने हिस्सा लिया था। भारतीय दल ने 10 ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स और एक कुश्ती स्पर्धा में भाग लिया। इसी एडिशन में भारत ने अपना पहला मेडल जीता था। पहलवान राशिद अनवर ने पुरुषों की 74 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पहला मेडल हासिल किया था।
1934 में डेब्यू के बाद से भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 564 मेडल जीते हैं। इनमें 203 गोल्ड, 189 सिल्वर और 172 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
