नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, 500 रुपये के चार फर्जी नोट जब्त
जांजगीर चांपा। नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपित शराब दुकान में फर्जी नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपित ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष), निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़ का रहने वाला बताया। वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने अकलतरा आया था। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
पुलिस ने नोटों का परीक्षण स्टेट बैंक अकलतरा में कराया, जहां जांच में सभी नोट नकली पाए गए। चारों नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में खपाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 180 बीएनएस में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
