ई बिहार है भैया, यहां CJP प्रोटेस्ट भी होता है फुल स्वैग में…

बिहार की राजधानी पटना के वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पानी की बौछार तो चलाई, लेकिन मामला मस्ती में बदल गया. वजह ये कि एक छात्र ने खुद पुलिस अफसरों से गुजारिश की कि गर्मी बहुत है, वाटर कैनन चला दीजिए. पुलिस ने भी बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कैनन चला दी. किसी ने गाना बजा दिया, बच्चे नाचने लगे और पुलिसकर्मी भी मुस्कुराने लगे. लेकिन यह पूरी कहानी सिर्फ इतनी मजेदार नहीं है. यह वीडियो जिस आंदोलन से निकला है, वह अगले ही दिन कई जिलों में हिंसक हो गया, जिसमें पथराव, हवाई फायरिंग और 100 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं.

दरअसल यह पूरा मामला NEET परीक्षा के पेपर लीक को लेकर है. देश भर में छात्रों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है और कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा दिल्ली के जंतर मंतर से शुरू हुई यह आवाज अब कई राज्यों तक पहुंच चुकी है. छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, और इस पूरे आंदोलन में बिहार सबसे आगे रहा है

बुधवार को पटना में छात्र सड़क पर उतरे. भीषण गर्मी के बीच पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई, पत्थर और चप्पल भी चले, पुलिस को बल और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा. लेकिन इसी झड़प के बीच वह मजेदार पल भी आया जो अब वायरल हो रहा है. छात्रों ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ने के बजाय उन्हें घुमाकर हटा दिया, और जो रस्सी लगाई गई थी उसे भी खींच दिया.

गुरुवार को यही आंदोलन कई जिलों में गंभीर हो गया. जहानाबाद, दरभंगा, कटिहार और बेगूसराय में पत्थरबाजी हुई और पुलिस को हवा में फायरिंग और लाठीचार्ज करना पड़ा. इस हिंसा में कई छात्र और कम से कम चौदह पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एक सौ चौदह से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया.

जहानाबाद में छात्रों ने कारगिल चौक से ककोर मोड़ तक मार्च निकाला और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की. एसपी किरण कुमार के मुताबिक पुलिस को बीस से तीस राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें थाना प्रभारी समेत दो अधिकारी घायल हुए.

जिलाधिकारी छेरिंग वाई भूटिया ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के मुताबिक पटना से ट्रेन में बैठकर कुछ बाहरी लोग भी शामिल होने आए और उन्होंने जिलाधिकारी के आवास पर पथराव भी किया, हालांकि फायरिंग से किसी के घायल होने की खबर नहीं है.