गर्लफ्रेंड को पार्क बुलाकर गले में चाकू घोंपा, अफेयर के शक में हत्या

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बॉयफ्रेंड ने दूसरे अफेयर के शक में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपी रितेश राजवाड़े ने राधिका राजवाड़े (19) को कॉल कर नेहरू पार्क मिलने बुलाया और उसके गले में चाकू घोंपा, जो आर-पार हो गया। सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया घटना सूरजपुर थानाक्षेत्र की है. यहां स्थित नेहरू पार्क में राधिका राजवाड़े नाम की युवती एक युवक रितेश राजवाड़े के साथ घूमने आई थी. दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध था. पार्क की एक बेंच में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी. बातों ही बातों में रितेश राजवाड़े ने अपनी जेब से चाकू निकाला और युवती के गले में चाकू से वार कर दिया, जिसके बाद पार्क में अफरा तफरी मच गई. युवती के घायल होने के बाद आरोपी उसे सूरजपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया.

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि अंबिकापुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही राधिका की मौत हो गई, जिसके बाद घबराया प्रेमी मौके से फरार हो गया.

सूरजपुर पुलिस ने पार्क और अस्पताल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी का पीछा किया. पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस के जंगल से आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी और से संबंध है औऱ वो उससे बात भी करती है. फिलहाल सूरजपुर पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है. आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.