इंदौर : हाथी को गुड़ खिलाना पड़ा महंगा! सूंड से उठाकर पटका और फिर पैर से कुचला; मौत
मध्य प्रदेश : इंदौर में एक दर्दनाक हादसे में एक ऑटो रिक्शा चालक की जान चली गई है. घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर की है. शनिवार शाम करीब 4:30 बजे जैन समाज के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल कुछ साधु उज्जैन से हाथी लेकर इंदौर आए थे. कार्यक्रम के बाद हाथी राजनगर क्षेत्र में पहुंचा, जहां 49 साल के ऑटो चालक विजय पिता लक्ष्मणराव होलकर हाथी को गुड़ खिलाने लगे. इसी दौरान हाथी अचानक भड़क गया और विजय को सूंड में लपेटकर जोर से जमीन पर पटक दिया.
इसके बाद हाथी ने उसके सीने पर पैर रख दिया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह विजय को छुड़ाकर पहले जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया. बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. चंदन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और हाथी के महावत को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस की तरफ से यह भी बताया गया है कि हाथी के संबंध में इंदौर चिड़ियाघर के अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है. घटना के समय विजय के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है. पुलिस की तरफ से यह भी बताया गया कि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी. इससे पहले भी इंदौर में हाथी के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि हाथी को सार्वजनिक क्षेत्र में लाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई. इस संबंध में पुलिस कई लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है.
