दुनिया का सबसे अकेला घर, चारों ओर सिर्फ समुद्र, न पड़ोसी न सड़क

दुनिया में ऐसे कई घर हैं, जो अपनी बनावट, लोकेशन या इतिहास की वजह से लोगों को हैरान कर देते हैं. कहीं पहाड़ की चोटी पर घर बना है, तो कहीं समुद्र के बीच एक छोटा-सा मकान नजर आता है. कुछ घर पेड़ों पर बने हैं, तो कुछ बर्फीले इलाकों में लोगों का ध्यान खींचते हैं. लेकिन आइसलैंड(Iceland) का एक सफेद रंग का छोटा-सा घर इन सबसे अलग माना जाता है. पहली नजर में इसे देखकर लगता है कि यहां कोई रहस्यमयी अरबपति रहता होगा या फिर यह किसी हॉलीवुड फिल्म का सेट होगा. हालांकि, इसकी असली कहानी इंटरनेट पर फैली अफवाहों से बिल्कुल अलग है. सोशल मीडिया पर इन दिनों यह अनोखा घर एक बार फिर चर्चा में है, जिसे दुनिया के सबसे अकेले घरों में से एक माना जाता है.

दरअसल, यह अनोखा घर आइसलैंड के दक्षिणी तट से दूर स्थित एलिडाए (Elliðaey) नाम के छोटे से द्वीप पर बना हुआ है. चारों तरफ सिर्फ समुद्र, ऊंची चट्टानें और तेज हवाएं दिखाई देती हैं. इस द्वीप पर कोई स्थायी आबादी नहीं रहती. यहां तक पहुंचने के लिए भी केवल नाव का सहारा लेना पड़ता है. खराब मौसम में यहां नाव उतारना भी बेहद मुश्किल माना जाता है. यही वजह है कि यह जगह दुनिया की सबसे अलग-थलग और शांत जगहों में गिनी जाती है.

सोशल मीडिया पर हमेशा ये दावा किया जाता है कि यह घर किसी अरबपति का प्राइवेट घर है या फिर सालों से ये वीरान पड़ा हुआ है. लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है. यह सफेद घर दरअसल Elliðaey Hunting Association का एक हंटिंग लॉज है. इसे 1950 के दशक में बनाया गया था. जब पफिन (Puffin) नाम के समुद्री पक्षियों के शिकार का मौसम आता है, तब इस संस्था के सदस्य कुछ दिनों के लिए यहां रुकते हैं. यानी यह घर रोजमर्रा की जिंदगी के लिए नहीं, बल्कि अस्थायी ठहरने के लिए बनाया गया है.

इस घर की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यहां आधुनिक सुविधाएं लगभग हैं ही नहीं हैं. घर में न बिजली की लाइन है, न पाइप से आने वाला पानी और न ही सीवर सिस्टम. जरूरत के लिए बारिश का पानी इकट्ठा किया जाता है और उसी का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, इतनी सादगी के बीच भी यहां एक पारंपरिक सॉना (Sauna) बनाया गया है, जहां ठंड से राहत पाने के लिए लोग बैठते हैं. कठिन परिस्थितियों के बावजूद यह छोटा-सा घर कुछ दिनों तक आराम से रहने लायक सुविधाएं उपलब्ध कराता है. इस द्वीप के चारों ओर ऊंची-ऊंची चट्टानें, समुद्री पक्षियों की बड़ी कॉलोनियां और दूर-दूर तक फैला उत्तरी अटलांटिक महासागर (North Atlantic Ocean) दिखाई देता है. यहां इंसानों की भीड़ नहीं, बल्कि प्रकृति की शांति सुनाई देती है. यही वजह है कि फोटोग्राफर, ट्रैवलर और एडवेंचर पसंद करने वाले लोग इस जगह की तस्वीरें देखकर आकर्षित हो जाते हैं. हालांकि आम लोगों के लिए यहां पहुंचना आसान नहीं है, लेकिन इंटरनेट की वजह से यह घर पूरी दुनिया में मशहूर हो चुका है।

एलिडाए द्वीप पर बना यह छोटा-सा सफेद घर आज आइसलैंड की प्राकृतिक खूबसूरती और शांत जीवन का प्रतीक बन चुका है. यहां न शहरों का शोर है, न ट्रैफिक और न ही भीड़भाड़ सिर्फ समुद्र की लहरों की आवाज, ठंडी हवाएं और प्रकृति का अद्भुत नजारा दिखाई देता है। यही कारण है कि यह घर दुनिया के सबसे अनोखे और सबसे अलग-थलग बने घरों की सूची में हमेशा शामिल रहता है.