महिला आयोग में टसल : अध्यक्ष ने कहा-कुछ पुराने मामलों की होगी जांच
छत्तीसगढ़ महिला आयोग की वर्तमान अध्यक्ष ममता साहू ने पूर्व अध्यक्ष किरणमयी नायक के कार्यकाल के कई मामलों पर सवाल उठाते हुए इन मामलों की जांच के लिए कमेटी बनाने की बात कही है। इस मामले को लेकर किरणमयी नायक का कहना है कि महिला आयोग की अध्यक्ष को जांच कमेटी बनाने का कोई अधिकार है, तो इसको सिर्फ और सिर्फ हाईकार्ट में चुनौती दी जा सकती है।
महिला आयोग की ममता साहू को नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने आयोग के दफ्तर में आज कुछ पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, पूर्व अध्यक्ष किरणमयी नायक के कार्यकाल के अंतिम दो-तीन माह के कार्यकाल में कई मामलों को रफा-दफा करने का काम किया गया है। ऐसे में इन मामलों की जांच के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।
अध्यक्ष ममता साहू द्वारा जांच कमेटी बनाने को लेकर दिए गए बयान को लेकर किरणमयी नायक ने कहा, महिला आयोग की अध्यक्ष को आयोग के किसी भी फैसला को लेकर जांच कमेटी बनाने का कोई अधिकार नहीं है। पहले उनको कानून के बारे में जान लेना चाहिए। उनको लगता है कि किसी मामले में कोई भी गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए उसको होईकोर्ट में चुनौती देनी पड़ेगी। उस मामले की पूरी जानकारी हाईकोर्ट के सामने रखनी पड़ती है। उन्होंने कहा, आयोग के अध्यक्ष का कोई भी आदेश सिविल कोर्ट की प्रक्रिया से होता है। ऐसे में इसको हाईकोर्ट में ही चुनौती दी जा सकती है। राजनीतिक रूप से कुछ भी बोलने से कुछ नहीं होता है।
