पंजाब यूनिवर्सिटी में जलभराव के बीच करेंट लगने से PhD स्कॉलर की मौत

पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के साउथ कैंपस में मंगलवार सुबह बारिश के बाद हुए जलभराव के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया. पानी से भरे रास्ते से गुजरते समय बिजली का झटका लगने से 26 वर्षीय पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ज्योति का शव सड़क किनारे एक बिजली के खंभे के पास मिला. हादसे के वक्त मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया.

छात्रा की मौत के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (XEN) के दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब वे दफ्तर पहुंचे, तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था. छात्रों का आरोप है कि कैंपस में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए.

ABVP के प्रदेश अध्यक्ष प्रथम सिंगला ने आरोप लगाया कि जलभराव वाली सड़क से गुजरते समय ज्योति पानी में फैले करंट की चपेट में आ गई. उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रशासन की जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा ज्योति मूल रूप से हरियाणा के पेहोवा की रहने वाली थी. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं और हादसे से जुड़े अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है.