गेट नहीं खुला तो सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुई ईडी, कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी
झारखंड में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने धनबाद में कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनसे जुड़े कारोबारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान एक कारोबारी के घर का दरवाजा नहीं खुलने पर ईडी की टीम सीढ़ी के सहारे अंदर दाखिल हुई। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम घर और अन्य ठिकानों पर वित्तीय लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी की नजर केवल प्रमुख कारोबारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सहयोगियों और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों तक भी पहुंच रही है। जिन नामों की चर्चा सामने आई है, उनमें गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक समेत अन्य कारोबारी शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसी इन लोगों के बीच कथित वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की कड़ियों को खंगाल रही है।
एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनके कारोबारी नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है। इससे पहले झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। उस दौरान बीसीसीएल से जुड़े ठेकों, कथित अवैध कोयला परिवहन, हवाला नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच की गई थी। बताया जाता है कि पूर्व में एलबी सिंह को पूछताछ के लिए ईडी की ओर से कई बार समन भी जारी किया गया था। मंगलवार को अचानक हुई ताजा कार्रवाई के बाद धनबाद के कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। ईडी की कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।
