कपिल सिब्बल कॉकरोच जनता पार्टी को देंगे ₹1 करोड़

सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बनाए गए फंड में एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने देशभर के वकीलों से भी इस फंड में योगदान देने की अपील की है। CJP ने यह फंड आपराधिक मामलों का सामना कर रहे स्टूडेंट्स की लीगल मदद के लिए बनाया है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को कहा कि केंद्र के आश्वासन के बावजूद देशभर में छात्रों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि दर्ज मामलों में छात्रों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए CJP सुप्रीम कोर्ट के वकीलों के संपर्क में है। इस मौके पर उनके साथ कपिल सिब्बल भी मौजूद थे।

सिब्बल ने कहा- मेरी ओर से मैंने एक करोड़ रुपए का योगदान दिया है। मैं देशभर के वकीलों से भी अपील करता हूं कि वे इस फंड में सहयोग करें, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके। हमारे वकील कानून के कथित दुरुपयोग से प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं।

जहां भी भारत में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुए हैं, चाहे वह बिहार, असम, पश्चिम बंगाल या महाराष्ट्र हो, और जहां छात्रों या प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया गया है। वहां दर्ज मामलों पर नजर रखने के लिए एक व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि हमारे वकील उन्हें कानूनी सहायता दे सकें।

कपिल सिब्बल ने बताया कि CJP एक वेबसाइट बनाएगी, जिसमें उन छात्रों का विवरण होगा जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट उन वकीलों को भी जुड़ने का मौका देगी, जो मुफ्त या अन्य तरीके से मदद करना चाहते हैं।