राज्यसभा में पेपर लीक से जुड़ा संशोधन बिल पेश, संसद में PM मोदी ने हाईलेवल मीटिंग की

राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पेपर लीक से जुड़ा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन बिल पेश किया। इसपर सदन में चर्चा जारी है। बिल करीब सात घंटे चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बहस में हिस्सा लेंगे। बुधवार को लोकसभा ने करीब 7 घंटे की बहस के बाद इसे पारित किया था। बिल में पेपर लीक की जांच 2 माह में पूरी करने का प्रावधान है। दोषियों को 10 साल तक जेल और संगठित अपराध के मामलों में 10 करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। बिल राज्यसभा में से पास होने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

दूसरी तरफ संसद भवन में पीएम मोदी के ऑफिस में हाईलेवल बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, सर्बानंद सोनोवाल और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल शामिल हुए। प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पी.के. मिश्रा भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के एजेंडे की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।