महेश बाबू या रणबीर…’रामायण’ में किसने निभाया भगवान विष्णु का रोल? बना सस्पेंस
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है. 6 घंटे में ट्रेलर को 5 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. रणबीर कपूर से लेकर यश तक की एक्टिंग और लुक की बातें हो रही हैं. पर ट्रेलर में भगवान विष्णु की झलक देखने के बाद फैन्स कंफ्यूज हैं. सोशल मीडिया पर भगवान विष्णु के किरदार को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. फैन्स ने किरदार का कनेक्शन एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ से जोड़ निकाला है.
रामायण का ट्रेलर देखने के बाद लोग ये जानने के लिए उत्सुक हैं कि भगवान विष्णु का रोल कौन निभा रहा है. ट्रेलर से ये साफ हो चुका है कि फिल्म में रणबीर कपूर सिर्फ राम नहीं, बल्कि परशुराम का रोल भी निभा रहे हैं. ट्रेलर रिलीज के बाद फैन्स ये भी कयास लगा रहे हैं कि रणबीर सिर्फ राम और परशुराम नहीं, बल्कि भगवान विष्णु का भी रोल निभा रहे हैं.
कई लोगों ने भगवान विष्णु के किरदार में सौरभ जैन को देखा, जो टीवी सीरीज ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर मशहूर हो गए थे. उन्होंने टीवी पर भगवान विष्णु और भगवान शिव शंकर का भी किरदार निभाया है.
सोशल मीडिया पर एक तबका ऐसा भी है, जो ये कह रहा है कि नितेश तिवारी की रामायण में भगवान विष्णु का रोल एक्टर महेश बाबू ने निभाया है. क्योंकि महेश बाबू एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में काम कर रहे हैं. ‘वाराणसी’ एक भारतीय पौराणिक विषय पर आधारित फिल्म है. फिल्म में ‘रामायण’ का एक सीक्वेंस भी है, जिसमें महेश बाबू ने राम का किरदार निभाया. कुछ दिन पहले राम के अवतार में महेश बाबू की एक तस्वीर भी लीक हुई थी.
हालांकि, ये सिर्फ फैन्स के कयास हैं. असल में भगवान विष्णु का रोल किसने निभाया है, ये रामायण की रिलीज के बाद क्लियर होगा.
