छत्तीसगढ़-ओडिशा को जोड़ने वाला निर्माणाधीन पुल भरभराकर गिरा

गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। उदंती नदी पर निर्माणाधीन पुल भरभराकर गिर गया। यह पुल छत्तीसगढ़ और ओडिशा को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। गनीमत रही कि हादसे के समय पुल पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था। जानकारी के मुताबिक देवभोग विकासखंड के अमलीगांव से ओडिशा के चार गांवों को जोड़ने के लिए उदंती नदी पर करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा था। पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन पुल अचानक ढह गया।

इस पुल का निर्माण ओडिशा सरकार की ओर से कराया जा रहा था। पुल बनने के बाद छत्तीसगढ़ के अमलीगांव सहित ओडिशा के चार गांवों के लोगों को सीधा आवागमन का लाभ मिलने वाला था। लेकिन निर्माणाधीन पुल के गिरने से परियोजना को बड़ा झटका लगा है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पुल गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।