अब हमारी बारी… धमकी के बाद अमेरिका ने ईरान पर बरसाए बम
जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरानी मिसाइल हमले के एक दिन बाद अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं. अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गुरुवार यानी 30 जुलाई की सुबह अमेरिकी सेना ने ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने भी इन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हुए हमलों के जवाब में की गई है.
हमलों से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए थे कि ईरान को कड़ा जवाब दिया जाएगा. ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा था कि अब हमारी बारी है. हम उन पर बहुत ज़ोरदार हमला करने जा रहे हैं. उन्हें पता है कि ऐसा होने वाला है. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने स्वीकार किया है कि मिसाइल लॉन्च एक गलती थी और उसने अमेरिका से जवाबी कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया था.
ईरान पर यह ताजा अमेरिकी हमला पांच दिन के विराम के बाद हुआ है. इससे पहले लगातार 13 दिनों तक अमेरिकी सेना ईरानी ठिकानों पर हमले कर चुकी थी. इसके बाद कुछ दिनों तक सैन्य कार्रवाई रुकी रही, लेकिन जॉर्डन में अमेरिकी अड्डे पर मिसाइल हमले के बाद अमेरिका ने फिर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने देश के कई हिस्सों में धमाकों की पुष्टि की. सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, बुशहर प्रांत में विस्फोटों की आवाजे सुनी गईं, जहां ईरान का एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है. इसके अलावा दक्षिणी क्षेत्रों में भी कई धमाकों की सूचना मिली है.
