बिहार में नितिन नवीन की सीट पर भाजपा पिछड़ी, MP के दतिया में कांग्रेस
बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है। नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। बिहार के बांकीपुर में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 23,756 वोट के साथ लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
प्रशांत भाजपा के नीरज कुमार से 6,646वोट आगे चल रहे हैं। RJD की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती है, जहां से वे लगातार पांच बार विधायक रहे हैं।
मध्य प्रदेश के दतिया में मुकाबला पलट चुका है। शुरुआती राउंड में भाजपा आगे थी, लेकिन अब कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 1,786 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं।
वहीं गुजरात के मंजलपुर में भाजपा के सतेन्द्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल ने 24,199 वोटों की बढ़त बना ली है और उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। मंजलपुर में 19 में से 15 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है।
गुजरात के मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल को अब तक 40,510 वोट मिले हैं। कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 18,001 वोट मिले हैं।
सतीश पटेल 22,509 वोटों की बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ रहे हैं। अब तक 14वें राउंड की काउंटिंग हुई है। कुल 19 राउंड की गिनती होगी।
बिहार के बांकीपुर में 11वें राउंड की मतगणना के बाद जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त 6 हजार वोटों के पार पहुंचा दी है। उन्हें अब तक 21,941 वोट मिले हैं।
भाजपा के नीरज कुमार को 15,522 वोट मिले हैं और वे 6,419 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं RJD की रेखा कुमारी को 4,223 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
दतिया में छठे राउंड की मतगणना तक कांग्रेस ने 1,786 वोटों की बढ़त बना ली है। अब तक कांग्रेस को 25,856 वोट, भाजपा को 24, 070 वोट और आजाद समाज पार्टी को 9,791 वोट मिले हैं। मतगणना अभी जारी है।
