ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर जन नायकन का कब्जा, संडे को आया कमाई का बवंडर

बीते दिनों सिनेमाघरों से लेकर बॉक्स ऑफिस तक अगर किसी भारतीय फिल्म का दबदबा देखने को मिल रहा है तो उसमें साउथ सुपरस्टार विजय थलापति स्टारर फिल्म जन नायकन (Jana Nayagan) का नाम शामिल है। पॉलिटिकल ड्रामा थ्रिलर इस मूवी ने अपनी शानदार कहानी से दर्शकों का दिल जीता है। यही कारण है कि देश के अलावा विदेशों में भी जन नायकन धमाकेदार कमाई करती हुई नजर आ रही है। रिलीज के 11वें दिन जन नायकन के वर्ल्डवाइड कलेक्शन में बंपर उछाल दर्ज किया गया है। जानते हैं कि फिल्म का अब तक कारोबार कितना हुआ है-

अक्सर देखा जाता है कि वीकेंड पर फिल्मों की कमाई में मोटा इजाफा होता है। जन नायकन के मामले में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला है। रविवार की छुट्टी का विजय की जन नायकन को पूरा फायदा मिला है और मूवी ने अच्छा कारोबार करके दिखाया है। गौर किया जाए जन नायकन के रिलीज के 11वें दिन के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की तरफ तो वह 12 करोड़ से अधिक रहा है।

इसके साथ ही अब जन नायकन का टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 295 करोड़ के पार पहुंच गया है और जल्द ही ये फिल्म 300 करोड़ का आंकड़ा पार करती हुई नजर आएगी। अगर ऐसा होता है तो जन नायकन विजय थलापति की एक्टिंग करियर की तीसरी ऐसी फिल्म बन जाएगी, जो दुनियाभर में 300 करोड़ का कारोबार करेगी।

इससे पहले विजय की लियो और गॉट ने ये कारनामा किया है। जिन्होंने क्रमश: 620 करोड़ और 458 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। अब देखना ये होगा कि कितनी जल्दी ये साउथ फिल्म ये कारनामा करती है।

पिछले तीन दिनों में जन नायकन ने कमाई के मामले में जमकर गर्दा उड़ाया है। गौर किया जाए दूसरे वीकेंड में शुक्रवार से लेकर रविवार तक जन नायकन की वर्ल्डवाइड कमाई की तरफ तो आंकड़ा 25 करोड़ से अधिक रहा है। स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे जैसी बड़ी फिल्म की रिलीज के बाद भी अगर जन नायकन इतना कारोबार कर पाई है, तो ये वाकई काबिल-ए-तारीफ है।