केजरीवाल ने PM आवास तक मार्च निकाला, पुलिस ने रोका, फिरोजशाह रोड पर धरने पर बैठे

दिल्ली के पूर्व CM और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को E20 फ्यूल के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकला। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, जैस्मिन शाह समेत पार्टी के अन्य नेताओं को फिरोजशाह रोड पर ही रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल सहित अन्य AAP नेता फिरोजशाह रोड पर ही बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए। AAP ने करीब 100 नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ यह मार्च निकाला था। पार्टी का दावा है कि उसने देशभर से 2.30 लाख से ज्यादा लोगों की याचिकाएं जुटाई हैं।

मार्च के दौरान केजरीवाल ने कहा कि E20 के खिलाफ 2 लाख से ज्यादा लोगों ने प्रधानमंत्री को चिट्ठियां लिखी हैं, जिन्हें वे खुद प्रधानमंत्री को सौंपना चाहते थे लेकिन हमें पुलिस ने रोक दिया। हमने सभी चिट्ठियां पुलिस के हाथों मोदी जी को भेज दी हैं। केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को मैसेज भेजा था। उन्होंने कहा- हमें उम्मीद है कि पीएम हमसे मिलेंगे।

E20 के विरोध में धरने के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ट्रम्प के दबाव में मोदी सरकार अमेरिका से एथनॉल खरीद रही है। अमेरिका दुनिया में सबसे ज्यादा एथनॉल बनाता है और उसने भारत पर इसे खरीदने का दबाव बनाया।

केजरीवाल ने कहा- अमेरिका का कचरा खरीदकर हमारी 30 लाख गाड़ियों पर थोपा जा रहा है। इसे रोकने के लिए हमें NEET आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन करना होगा। उन्होंने लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि E20 नीति के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने प्रधानमंत्री को लेटर लिखा था। जिसमें E20 पेट्रोल से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा के लिए समय मांगा था।

केजरीवाल का दावा है कि उन्हें इस चिट्ठी का कोई जवाब नहीं मिला। इसलिए अब वे खुद पीएम आवास जाकर जनता की साइन की हुई याचिकाएं सौंपना चाहते थे।

आम आदमी पार्टी संयोजन ने यह मांग भी रखी है कि पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों के ऑप्शन मिलने चाहिए। E20 पेट्रोल की कीमतों में कटौती की जाए।