क्या 2030 तक चीन इंसानों जैसे रोबोट बना लेगा? भविष्य की सबसे बड़ी AI क्रांति…
एलन मस्क ने ऑप्टिमस रोबोट को विकसित कर रहे हैं, इस पर उनका फ्यूचर टिका है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि यदि एलन मस्क ने इस रोबोट की एक लाख यूनिट्स को काम पर लगा दिया तो वे खरबपति बन सकते हैं। लेकिन अब चीन एलन मस्क के इस ड्रीम पर ब्रेक लगा सकता है। चीनी कंपनी Xpeng ने अपना नया ह्यूमनॉइड रोबोट ‘आयरन’ पेश किया है। यह सीधे-सीधे एलन मस्क की टेस्ला कंपनी के ऑप्टिमस रोबोट को चुनौती दे रहा है। सबसे खास बात यह है कि आयरन को ऐसा बनाया गया है कि लोग इसे गले लगा सकें और इसके साथ सहज महसूस करें। कंपनी का दावा है कि उनका रोबोट इंसानों जैसा व्यवहार करेगा।
Xpeng के सीईओ हे शाओपेंग ने हाल ही में आयरन का नया वर्जन दिखाया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि रोबोट ज्यादा इंसानों जैसा लगे। इसके लिए रोबोट में नकली मांसपेशियां और बहुत सॉफ्ट स्किन लगाई है। लोग जब इसे छुएंगे या गले लगाएंगे तो डर नहीं लगेगा, बल्कि ऐसा लगेगा जैसे किसी इंसान को टच कर रहे हैं। आयरन को पूरी तरह इंसानों जैसी शक्ल दी गई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट बताती है कि कंपनी मेल और फीमेल दोनों तरह के रोबोट दिखा रही है। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार बॉडी टाइप भी चुन सकेंगे। लॉन्च के दिन कर्मचारियों ने रोबोट की नरम त्वचा को चाकू से काटकर दिखाया कि अंदर कोई इंसान नहीं छिपा है। दूसरी तरफ टेस्ला ने 2021 में पहली बार एक आदमी को रोबोट का सूट पहनाकर स्टेज पर भेजा था। 2024 के कार्यक्रम में भी कई ऑप्टिमस रोबोट दूर से कंट्रोल किए जा रहे थे, खुद से नहीं चल रहे थे। इससे लोगों को लगा कि टेस्ला का रोबोट अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।
Xpeng के सीईओ ने बताया कि 2026 के अंत तक आयरन की बड़े पैमाने पर बनाने का काम शुरू हो जाएगा। उनका लक्ष्य है कि 2030 तक हर साल 10 लाख आयरन रोबोट बेचें जाए। उन्होंने कहा कि रोबोट मार्केट भविष्य में कारों के बाजार से भी बड़ा हो सकता है। शुरुआत में ये रोबोट दुकानों में ग्राहकों का स्वागत करेंगे और टूर गाइड का काम करेंगे। अगले साल से Xpeng की अपनी कार शोरूम में भी आयरन खड़ा नजर आएगा।
टेस्ला भी 2026 के आखिर तक अपने ऑप्टिमस रोबोट को बड़े पैमाने पर बनाने की तैयारी कर रही है। एलन मस्क कह चुके हैं कि ऑप्टिमस एक दिन टेस्ला का सबसे बड़ा प्रोडक्ट बन सकता है। लेकिन Xpeng बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। यह कंपनी पहले से ही चीन में टेस्ला को कड़ी टक्कर दे रही है। इस साल उसने बिक्री के कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और जल्द ही मुनाफे में आने वाली है।
