शाहरुख खान बने मोस्ट वैल्यूएबल सेलिब्रिटी, विराट कोहली से छीना नं. 1 का ताज
बरसों से भारत की बड़ी हस्तियों के बीच ब्रैंड एंडोर्समेंट यानी विज्ञापन की दुनिया में भी अव्वल आने की होड़ देखने को मिलती रही है. इस रेस में अब शाहरुख खान ने बाजी मार ली है. उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे वैल्यूएबल सेलिब्रिटी ब्रैंड का ताज अपने नाम कर लिया है. ग्लोबल एडवाइजरी फर्म क्रोल की ताजा सेलिब्रीटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान साल 2025 में 177.9 मिलियन डॉलर (लगभग 1,691 करोड़ रुपये) की ब्रैंड वैल्यू के साथ भारत के सबसे महंगे सेलिब्रीटी बन गए हैं. उन्होंने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को पछाड़कर यह पहला स्थान हासिल किया है, जो बीते साल इस लिस्ट में टॉप पर थे.
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में भारत के टॉप 25 सेलिब्रीटीज की कुल मिलाकर ब्रैंड वैल्यू 2 बिलियन डॉलर आंकी गई है. हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस कुल वैल्यूएशन में 3.7 प्रतिशत की मामूली गिरावट देखने को मिली है. यह रैंकिंग हर सेलिब्रिटी के पास मौजूद विज्ञापनों के पोर्टफोलियो और सोशल मीडिया पर उनकी पकड़-प्रभाव के आधार पर तैयार की जाती है. मगर इस बार बड़ा उलटफेर करते हुए शाहरुख खान ने पहले स्थान पर कब्जा कर लिया है.
रणवीर सिंह 162.9 मिलियन डॉलर (लगभग 1,548 करोड़ रुपये) की ब्रैंड वैल्यू के साथ दूसरे पायदान पर बरकरार हैं. वहीं, पिछले साल इस लिस्ट में टॉप पर रहने वाले क्रिकेटर विराट कोहली फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गए हैं, जिनकी ब्रैंड वैल्यू फिलहाल 158.4 मिलियन डॉलर आंकी गई है.
फिल्मी दुनिया की अन्य हस्तियों की बात करें तो आलिया भट्ट 93.9 मिलियन डॉलर के साथ भारत के सबसे वैल्यूएबल सेलिब्रिटी की सूची में छठे नंबर पर हैं. उनके ठीक पीछे दीपिका पादुकोण 89.2 मिलियन डॉलर की ब्रैंड वैल्यू के साथ सातवें स्थान पर हैं.
