CGPSC SI Result: मेरिट सूची में ‘स्पेसरानी’ व ‘न्यूज’ नाम पर बवाल, भूपेश बघेल का तंज; आयोग ने दी सफाई

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआई) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2024-26 के प्रारंभिक परिणाम जारी होते ही सियासत गरमा गई है। मेरिट सूची में कुछ ऐसे नाम सामने आए, जिन्होंने प्रतियोगी छात्रों के साथ राजनीतिक दलों को भी चौंका दिया। सूची में ‘स्पेसरानी’, ‘न्यूज’ और ‘तूफान’ जैसे नाम शामिल हैं। इन्हीं नामों को लेकर इंटरनेट मीडिया पर सवाल उठने लगे।

हालांकि विवाद बढ़ने पर सीजीपीएससी को सफाई जारी करनी पड़ी। आयोग ने कहा कि जिन नामों पर सवाल उठ रहे हैं, उन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए थे। इन्हीं नामों से प्रवेश पत्र जारी हुए। दस्तावेजों का सत्यापन हुआ और उन्हीं नामों से अभ्यर्थियों ने परीक्षा भी दी। आयोग ने स्पष्ट किया कि परिणाम में वही विवरण प्रकाशित किया गया है, जो आवेदन में उपलब्ध था।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंटरनेट मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सरकार और आयोग पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा में ‘न्यूज’ और ‘स्पेसरानी’ ने शानदार सफलता हासिल की है। दोनों को बधाई। उन्होंने महतारी वंदन योजना में ‘सनी लियानी’ नाम सामने आने के पुराने विवाद का भी उल्लेख करते हुए इसे नई उपलब्धि बताया। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।

भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि संवैधानिक संस्था ने तथ्य स्पष्ट कर दिए हैं। इसके बाद घोटाले के आरोप नहीं टिकते। उन्होंने कांग्रेस से युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस को अपनी सरकार के दौरान हुए भर्ती घोटालों का इतिहास याद रखना चाहिए।

बता दें कि 12 जुलाई को प्रदेश के 33 जिलों में 183 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। 341 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती में 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है। मुख्य परीक्षा 24 से 26 अक्टूबर 2026 के बीच प्रस्तावित है।