पटना में NH-30 पर हादसे के बाद हिंसा: युवक की मौत से भड़की भीड़ ने बस में लगाई आग, कई वाहनों में तोड़फोड़
पटना : अगमकुआं थाना अंतर्गत बड़ी पहाड़ी के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 पर शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने एक युवक को कुचल दिया। मृतक की पहचान स्थानीय 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली बस में आग लगा दिया। यात्री जान बचाकर भाग निकले।
लोगों ने एनएच से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। सूचना पाकर पहुंची कई थानों की पुलिस भी भीड़ के आगे कुछ नहीं कर सकी। भीड़ ने पुलिस को भी खदेड़ दिया। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे दमकल और फायर कर्मियों को भी जान बचाकर भागना पड़ा।
हंगामे के कारण एनएच पर जाम लग गया है। वाहनों की कतार लग गई है। कड़ी धूप के बीच यात्री गाड़ियों में फंसे हुए हैं।
