बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरियां, ₹1 लाख तक मिलेगी सैलरी, 26 अगस्त तक करें आवेदन
सरकारी बैंक में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. देश के प्रमुख सरकारी बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) के 206 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती के तहत डिजिटल बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, टैक्सेशन, सिक्योरिटी, फैसिलिटी मैनेजमेंट और एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट जैसे कई अहम विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 अगस्त 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कई विभागों में होगी स्पेशलिस्ट ऑफिसर की भर्ती
बैंक ऑफ बड़ौदा ने विज्ञापन संख्या BOB/HRM/REC/ADVT/2026/15 के तहत यह भर्ती निकाली है. भर्ती अभियान के जरिए कुल 206 नियमित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें मैनेजर, सीनियर मैनेजर, टेक्निकल ऑफिसर और चीफ मैनेजर जैसे पद शामिल हैं.बैंक ने स्पष्ट किया है कि चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति भारत में कहीं भी बैंक की जरूरत के अनुसार की जा सकती है.
आवेदन प्रक्रिया शुरू, 26 अगस्त अंतिम तिथि
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है.उम्मीदवार 26 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा इसलिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है.
सामान्य (General), ओबीसी (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 850 रुपये जमा करने होंगे.वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग (PwD), भूतपूर्व सैनिक (Ex-Servicemen) और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है.शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा.
बैंक ने अलग-अलग पदों के लिए अलग आयु सीमा तय की है. उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 43 वर्ष तक हो सकती है. आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी.आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी.
शैक्षणिक योग्यता भी पद के अनुसार अलग
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सभी पदों की शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं. किसी पद के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग या प्रोफेशनल डिग्री मांगी गई है तो कुछ पदों के लिए विशेष अनुभव भी जरूरी है.इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में अपने पद से जुड़ी पात्रता जरूर जांच लेनी चाहिए.
बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया है कि सबसे पहले सभी आवेदन पत्रों की जांच और शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी.जरूरत पड़ने पर बैंक ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित कर सकता है. इसके बाद शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को साइकोमेट्रिक टेस्ट,ग्रुप डिस्कशन (GD)और पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है.अंतिम चयन से पहले उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन और मेडिकल परीक्षण भी किया जाएगा.
इस भर्ती के जरिए चयनित उम्मीदवारों को नौकरी जॉइन करने के बाद बैंक के साथ सर्विस बॉन्ड भी साइन करना होगा.जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I (JMGS-I) के अधिकारियों को कम से कम तीन साल तक बैंक में सेवा देनी होगी. यदि वे तय समय से पहले नौकरी छोड़ते हैं तो उन्हें तीन महीने के ग्रॉस वेतन के बराबर राशि देनी होगी जिसकी अधिकतम सीमा 2 लाख रुपये होगी.वहीं मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II, स्केल-III और सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-IV के अधिकारियों के लिए यह अधिकतम राशि 3 लाख रुपये तय की गई है.
उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करियर सेक्शन में उपलब्ध स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन करें, आवेदन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, ऑनलाइन शुल्क जमा करें और आवेदन पत्र सबमिट कर दें. आवेदन का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना भी जरूरी होगा.
बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर मानी जा रही है. खासकर डिजिटल बैंकिंग, साइबर सिक्योरिटी, डेटा मैनेजमेंट और टैक्सेशन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले उम्मीदवारों के पास देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में अधिकारी बनने का सुनहरा मौका है. इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.
