उत्तराखंड पीपलकोटी टनल हादसा, 3 लोगों की मौत, पहले दिन हुआ 18 मजदूरों का रेस्क्यू

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बड़ा हादसा हो गया. जहां पीपलकोटी में टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड) की टनल में धंसाव के साथ पानी का रिसाव हो गया. घटना करीब शाम 7 बजे के आसपास की है. जहां पीपलकोटी के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में एचसीसी कंपनी की ओर से काम कराया जा रहा था. जिसमें पानी का रिसाव एवं भूस्खलन होने के कारण 22 कर्मचारी फंस गए, जिसमें से 18 लोगों को निकाल लिया गया है. जिन्हें विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है. वहीं, 3 लोगों की मौत की सूचना है.

पीपलकोटी टनल हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. इसकी पुष्टि चमोली डीएम गौरव कुमार ने की है. मौत की संख्या बढ़ने की आशंका है. वहीं, सीएम धामी का कहना है कि अभी तक 18 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है. जिनमें 3-4 लोगों की हालत ज्यादा गंभीर है. बाकी फंसे हुए लोगों को निकालने की कार्रवाई चल रही है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के संबंध में झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से दूरभाष पर वार्ता की. सीएम धामी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को टनल में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया. साथ ही बताया कि उत्तराखंड सरकार की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 16 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है. शेष प्रभावित श्रमिकों के लिए भी सभी आवश्यक प्रयास निरंतर जारी हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जा रही है. उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है. आवश्यकता के अनुरूप विशेषज्ञ उपचार, दवाइयों, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की आवश्यकता होगी, तो उसके लिए भी समुचित व्यवस्था की जाएगी.

मुख्यमंत्री धामी ने झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार उनके राज्यों के प्रत्येक प्रभावित श्रमिक और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है. हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों राज्य सरकारों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक सूचनाएं साझा की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है. राज्य सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा, उपचार और सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है.

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की. साथ ही उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया. उन्होंने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी.