Breaking : उज्जैन महाकाल परिसर में नागचंद्रेश्वर मंदिर दर्शन के दौरान भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक शहर उज्जैन में महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार में सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरिकेडिंग के भीतर एक डीपी (DP) के समीप करंट फैलने की झूठी अफवाह फैल गई। इस अफवाह के कारण दर्शन के लिए लंबी कतार में खड़े लोगों में अचानक दहशत फैल गई, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालु बैरिकेड्स से टकराकर नीचे गिर गए और घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में किया। कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था जरूर प्रभावित हुई थी, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया। फिलहाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है।
