रांची में फूटा छात्रों के सब्र, जलाया राहुल गांधी और CM सोरेन का पुतला
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन रविवार को और उग्र हो गया। शाम को आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का पुतला फूंका।
छात्रों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन से पहले स्टेडियम से बड़ी संख्या में छात्र जुलूस की शक्ल में निकले। छात्र शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे।
हाथों में पोस्टर और बैनर लिए छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। जुलूस के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका धैर्य अब जवाब देने लगा है और सरकार ने समय रहते मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा।
जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म मंच के छात्र नेता राधे कुमार ने कहा कि आंदोलनकारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें किसी व्यक्तिगत लाभ से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता से संबंधित हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लगातार अपनी बात रखने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। राहुल गांधी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि वे फोन पर आंदोलनकारियों से बात करते हैं, लेकिन अभी तक धरना स्थल पर छात्रों से मिलने नहीं पहुंचे।
इसी तरह राजद के सरकार में शामिल होने का हवाला देते हुए तेजस्वी यादव के प्रति भी छात्रों ने नाराजगी जताई। राधे कुमार ने कहा कि इन नेताओं के छात्रों के बीच नहीं पहुंचने से आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
छात्रों ने सरकार को 18 अगस्त तक का समय दिया है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि तय समय तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास के घेराव के बाद भी जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं होता, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं, वे सभी वहीं पर धरने पर बैठे रहेंगे।
आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि अब आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की तैयारी की जा रही है। रविवार को दिनभर अनशन पर बैठे छात्र और आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधि आगे की रणनीति पर चर्चा करते रहे।
सोमवार से आंदोलन को किस रूप में आगे बढ़ाया जाए और 20 अगस्त के प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी कैसे सुनिश्चित की जाए, इस पर भी मंथन किया गया। साथ ही अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने पर सभी से राय ली गई।
