एयर इंडिया के 3 और पायलट डोप टेस्ट में फेल

एयर इंडिया ग्रुप के तीन और पायलट डोप टेस्ट में फेल हो गए। तीनों पायलट अपने पहले डोप टेस्ट में पॉजिटिव (नॉन नेगेटिव) पाए गए। क्या वे गांजा भांग जैसे किसी नशीले पदार्थ का सेवन करते हैं? इस बात को सुनिश्चित करने के लिए अब उनका दूसरा टेस्ट कराया जा रहा है। इस बात को कन्फर्म किया जाएगा कि वे कोई सूखा नशा करते हैं या फिर पेन किलर या अन्य किसी दवाई लेने की वजह से पहले टेस्ट में फेल हुए।

बता दें कि 4 अगस्त को फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के सीनियर पायलट के कथित तौर पर डोप टेस्ट में फेल होने के बाद एयर इंडिया ने 13 अगस्त को अपने ग्रुप के सभी 5 हजार से अधिक पायलटों का डोप टेस्ट कराने का फैसला किया था। पायलटों के टेस्ट 14 अगस्त से शुरू कर दिए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि जिन पायलटों के नाम पहले डोप टेस्ट फेल होने के बाद संदिग्ध लिस्ट में आते हैं, उनका दूसरी बार टेस्ट होगा। रिजल्ट 48 से 72 घंटे में आना शुरू होंगे। नशा करने की बात का पता चलने पर ऐसे पायलटों के खिलाफ सख्त ऐक्शन होगा।

सूत्रों का कहना है कि अब तक 300 से अधिक पायलटों के डोप टेस्ट कराए जा चुके हैं। एयर इंडिया के सभी पायलटों के डोप टेस्ट कराने के फैसले से कुछ पायलटों को डर है कि कहीं पेन किलर, डिप्रेशन और अन्य तरह की दवाई लेना भी उन पर भारी न पड़ जाए। कुछ पायलट अचानक छुट्टी भी ले रहे है। सूत्रों का यह भी कहना है कि एयर इंडिया को पायलटों का एक बार फिर से साइको टेस्ट भी कराना चाहिए।

दरअसल, हाल में फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 इस महीने 4 अगस्त 2026 को अचानक 676 फुट नीचे गोता खा गई, जिससे 20 यात्री और चार एयर होस्टेस घायल हुए। विमान में हाइड्रोलिक फेलियर की आशंका जताई जा रही है। घटना को लेकर टर्बुलेंस, पायलट की स्थिति और तकनीकी खराबी समेत तीन थ्योरी सामने आई हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि जब फ्लाइट के साथ यह हादसा हुआ। उस वक्त प्लेन 36,001 फुट की हाइट पर उड़ रहा था। फिर कुछ कारणों के चलते प्लेन थोड़ा उपर-नीचे होते हुए एकदम से 36,401 फुट की हाइट पर जा पहुंचा। जहां से वह एक ही झटके में अपनी 676 फुट हाइट खोते हुए 35 हजार 725 की हाइट तक गोता लगा गया।