बंगाल: बीरभूम के होटल में सुबह-सुबह लगी भीषण आग, सो रहे थे लोग, 7 की दर्दनाक मौत

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में सोमवार सुबह तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. होटल में सुबह करीब 4 बजे आग लगी. बताया जा रहा है कि सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण होटल तीर्थयात्रियों से पूरी तरह भरा हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि आग उस समय शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जब कई लोग सो रहे थे. हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

इस बीच स्थानीय लोगों को आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है.

इस बीच सोमवार को बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर बिजली का तार गिरने से अचानक भगदड़ मच गई.

इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी मिली है और 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाके के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है.

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस बीच राहत और बचाव कार्य जारी है.