रतलाम में लव जिहाद… BAMS छात्रा को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
रतलाम। 20 वर्षीय बीएएमएस छात्रा ने अपने साथ पढ़ने वाले युवक पर घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से उमरिया पानी जिला बड़वानी निवासी आरोपित जुबेर पुत्र अजित मंसूरी को पुलिस ने बड़वानी जिले के वरला से हिरासत में लिया है।
छात्रा ने अपनी मां और पिता के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि वह रतलाम के निजी कॉलेज में बीएएमएस की पढ़ाई कर रही है। 1 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उसके साथ पढ़ने वाला छात्र जुबेर मंसूरी उसे रतलाम के शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया। कमरे का दरवाजा बंद कर उसे बंधक बना लिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
जुबेर ने उस पर हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने और उससे शादी करने के लिए दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर वीडियो बहुप्रसारित करने और जान से खत्म करने की धमकी दी। डर के कारण छात्रा ने घटना की जानकारी तत्काल परिवार को नहीं दी।
बाद में जुबेर ने अश्लील वीडियो स्नेपचैट पर वायरल कर दिए। इसके बाद छात्रा ने माता-पिता को पूरी घटना बताई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को छात्रा ने वायरल वीडियो की पेनड्राइव भी सौंपी है। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए बड़वानी जिले के वरला से उसे हिरासत में लिया है।
