राजनांदगांव में पूर्व महापौर के देवर की हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रतीकात्मक चित्र
राजनांदगांव शहर के चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का मामला सामने आया है। चिखली में चार युवकों ने पूर्व महापौर हेमा देशमुख के देवर पप्पू देशमुख के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से पप्पू देशमुख की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और घटना में कितने लोग शामिल थे, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद एक बार फिर शहर में बढ़ती चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों विक्की साहू, मुकेश साहू और सागर वाहने को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी सागर वाहने के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पप्पू देशमुख की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है।
हत्या के पीछे राजनीतिक कारण होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल राजनीतिक एंगल से इनकार किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले का जल्द खुलासा किया जा सकता है। पुलिस आज दोपहर बाद पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी दे सकती है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
