चीन ने मच्छर मारने के लिए बनाया ‘एयर डिफेंस सिस्टम’
बीजिंग: युद्ध में ड्रोन को नष्ट करने के लिए जिस तरह के लेजर-बेस्ड एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल होता है, वैसा ही चीन ने मच्छरों को खत्म करने के लिए किया है। चीन ने लेजर-बेस्ड एयर डिफेंस का आइडिया आगे बढ़ाते हुए मच्छरों को मारने के लिए लेजर टेक्नोलॉजी अपनाई है। चीन ने इसी तकनीक से लेजर डिवाइस बनाई है, जो हवा में उड़ते हुए मच्छरों को खत्म कर सकती है। फोटॉन मैट्रिक्स लैब ने इसे विकसित किया है। इसकी बिक्री भी बड़े पैमाने पर शुरू हो गई है।
यूरेशियन टाइम्स के मुताबिक, मैन्युफैक्चरर फोटॉन मैट्रिक्स लैब ने बताया है कि चीन में डिजाइन हुआ पोर्टेबल लेजर डिवाइस अब बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है। यह हवा में उड़ते हुए मच्छरों को मारने के लिए तैयार किया गया है। चीन ने हालिया वर्षों में तकनीक में शानदार तरक्की की है। यह सिस्टम उसे एक कदम और आगे बढ़ाता है।
फोटॉन मैट्रिक्स पोर्टेबल लेजर-बेस्ड मॉस्किटो डिफेंस सिस्टम को एक ऑटोमेटेड, केमिकल-फ्री मॉस्किटो एयर डिफेंस डिवाइस के तौर पर बेचा जा रहा है। यह सेंसर और सटीक लेजर का इस्तेमाल करके हवा में उड़ते मच्छरों और इसी तरह के छोटे उड़ने वाले कीड़ों का पता लगाता है। उन्हें ट्रैक करने के बाद पंख तोड़कर फिजिकली बेकार कर देता है। यह सिस्टम दो वर्शन में आता है। इन्फ्रारेड और ब्लू-लेजर।
यह लेजर-बेस्ड मॉस्किटो डिफेंस सिस्टम टारगेट को लॉक करने के लिए स्पेशल स्कैनिंग और दूरी मापने के लिए LiDAR का इस्तेमाल करता है। मूवमेंट का पता लगाने के लिए मिलीमीटर-वेव रडार का इस्तेमाल करता है। साथ ही छोटे टारगेट की मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विजन मॉड्यूल का इस्तेमाल करता है।
मैन्युफैक्चरर के मुताबिक, आखिरी स्टेप में गैल्वेनोमीटर (गैल्वो)-कंट्रोल्ड लेजर मच्छरों को मारने के लिए एक छोटा पल्स फायर करता है। यह पोर्टेबल डिवाइस 90-डिग्री के हॉरिजॉन्टल प्लेन को स्कैन करता है। जब इसे कोई टारगेट कीड़ा मिलता है तो यह उसकी पोजीशन का पता लगाता है और एक लेजर पल्स भेजता है। पंखों पर वार किया जाता है ताकि वह नीचे गिर जाए।
फोटॉन मैट्रिक्स ने बताया है कि अगस्त 2026 में बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू हुआ है। कंपनी ने अब एक ऑफिशियल वेब स्टोर लॉन्च किया है, जहां से कस्टमर्स सीधे खरीद सकते हैं। फोटॉन मैट्रिक्स मॉस्किटो किलर और आधुनिक ड्रोन-रोधी लेजर हथियारों में पता लगाना, ट्रैक करना, निशाना लगाना और मारना का एक ही बेसिक प्रोसेस होता है।
