विमेंस हॉकी वर्ल्डकप- भारत का इंग्लैंड से मुकाबला, ड्रॉ खेलने पर टीम इंडिया टॉप-8 में पहुंचेगी

विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का सामना आज इंग्लैंड से होगा। टीम इंडिया को टॉप-8 में पहुंचने के लिए यह मुकाबला सिर्फ ड्रॉ खेलना है। हारने की स्थिति में उसे चीन के खिलाफ साउथ अफ्रीका के जीत की कामना करनी होगी। टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला था। फिर अगले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6-1 से बड़ी जीत दर्ज की। भारत ग्रुप में टॉप पर है।

दूसरी ओर इंग्लैंड ने पहला मैच साउथ अफ्रीका से 4-0 से जीता, लेकिन चीन के खिलाफ उसे 2-4 से हार मिली। इंग्लैंड यह मैच हारने पर टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। मुकाबला शाम 6:30 बजे से शुरु होगा।

भारत की दीपिका टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने दो मैचों में 2 गोल किए हैं। उनसे एक बार फिर इंग्लैंड के खिलाफ गोल करने की उम्मीद होगी।

ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर कोलविल 3 गोल के साथ लिस्ट में टॉप पर हैं। इंग्लैंड की सोफी हैमिल्टन और टेसा हॉवर्ड के भी 2-2 गोल हैं, जो इस मैच में उतरेंगी।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के छह अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए थे। सुनेलिता टोप्पो, नवनीत कौर, सुषिला चानू, दीपिका, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने गोल दागे। इससे भारत की अटैकिंग डेप्थ भी दिखी। खास बात यह रही कि युवा खिलाड़ियों साक्षी और सुनेलिता ने भी अच्छा परफॉर्म किया।