जम्मू : 1178 फीट की ऊंचाई पर बादलों को चीरती निकली वंदे भारत, पहली बार छुई 100 की स्पीड

जम्मू। कश्मीर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहली बार दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज पर लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली है। भारत के लिए यह ऐतिहासिक पल है। हाल ही में रेलवे मंत्रालय ने नॉर्दर्न रेलवे के जम्मू डिवीजन में श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉड-गेज रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार को को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा करने की मंजूरी दी थी। इससे पहले, इस सेक्शन पर श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से संगलदान सेक्शन के लिए 85 किलोमीटर प्रति घंटा और संगलदान से बनिहाल सेक्शन के लिए 75 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार थी थी।

कश्मीर तक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का सपना फरवरी, 2025 में पूरा हुआ। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन करीब 269 किलोमीटर की दूरी 4 घंटे 50 मिनट में तय करती है। यह आधुनिक ट्रेन चिनाब ब्रिज और अंजी खड्ड ब्रिज जैसे ऊंचे पुलों से होकर गुजरती है।

वंदे भारत एक्सप्रेस (VANDE BHARAT EXP (26401) मंगलवार को छोड़कर हर दिन चलती है। यह ट्रेन जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से सुबह छह बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर उधमपुर रेलवे स्टेशन, श्री माता वैष्णो देवी (कटड़ा), रियासी, बनिहाल होते हुए 11 बजकर 10 मिनट पर श्रीनगर पहुंचती है। वहीं, दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (VANDE BHARAT EXP (26403) जम्मू तवी से दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर रवाना होती है। यह ट्रेन जम्मू तवी से श्रीनगर पहुंचने में चार घंटे 45 मिनट लेती है।

क्या है किराया?

वंदे भारत एक्सप्रेस (VANDE BHARAT EXP (26401): एसी चेयर का किराया 855 रुपये है जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1585 रुपये है।
वंदे भारत एक्सप्रेस (VANDE BHARAT EXP (26403):एसी चेयर का किराया 1020 रुपये है जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1780 रुपये है।